उदयपुर। पारंपरिक परिधानों की रंगत, गरबा-डांडिया की थाप और उत्साह से भरे माहौल के बीच रोटरी क्लब उदयपुर के तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव-2026 का समापन हुआ। रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में आयोजित इस महोत्सव में तीन दिनों के दौरान 3000 से अधिक लोगों ने भाग लिया और उत्सव का आनंद उठाया। क्लब अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने बताया कि प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक चले आयोजन में रोटरी बजाज भवन रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक संगीत से जगमगाता रहा। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे महिला, पुरुषों और युवाओं ने गरबा व डांडिया रास में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक नृत्य और संगीत की धुनों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
200 पुरस्कारों से बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
क्लब सचिव रोटेरियन दुष्यंत सोमानी ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 200 पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके जरिए प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित किया गया। आयोजन ने शहरवासियों को नवरात्रि की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने और आपसी मेलजोल के साथ उत्सव मनाने का अवसर दिया। तीनों दिन गरबा-डांडिया में लोगों की भागीदारी और उत्साह देखने लायक रहा।
सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम संयोजक डी.पी. धाकड़ ने महोत्सव को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रंगारंग प्रस्तुतियों और सामूहिक उल्लास के बीच तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का समापन हुआ।
Continue With Google
Comments (0)