उदयपुर। जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिले की 10 पंचायत समितियों में औसतन 66.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोकतंत्र के इस उत्सव में ग्रामीण इलाकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नाई पंचायत समिति में मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतदान करते हुए 81.05 फीसदी का आंकड़ा छुआ, जबकि कुराबड़ पंचायत समिति 58.97 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर रही। प्रथम चरण के तहत उदयपुर जिले के 160 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,33,784 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से 4,90,757 मतदाताओं ने पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डाले।
झाड़ोल, ओगणा और फलासिया में भी रहा भारी उत्साह
मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो नाई के बाद आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में भी मतदान को लेकर जबर्दस्त रुझान दिखा। झाड़ोल में 75.36 प्रतिशत, ओगणा में 74.77 प्रतिशत और फलासिया में 73.57 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं, मावली, वल्लभनगर और भीण्डर में मतदान का ग्राफ 60 से 62 प्रतिशत के बीच सिमट कर रह गया।
पंचायत समिति वार मतदान की स्थिति
पंचायत समिति : कुल मतदाता : मत प्रतिशत

नाई : 47,329 : 38,358 : 81.05 
झाड़ोल : 71,378 : 53,792 : 75.36
ओगणा : 41,911 : 31,336 : 74.77
फलासिया : 72,936 : 53,661 : 73.57
गिर्वा : 65,745 : 45,636 : 69.41
घासा : 85,136 : 55,770 : 65.51
मावली : 94,585 : 58,780 : 62.15
वल्लभनगर : 86,470 : 52,996 : 61.29
भीण्डर : 97,820 : 58,871 : 60.18
कुराबड़ : 70,474 : 41,557 : 58.97
तीसरा चरण: 136 नामांकन दाखिल, आज अंतिम दिन
पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण की चुनावी सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि तीसरे चरण के तहत गुरुवार को नामांकन के तीसरे दिन 134 अभ्यर्थियों ने कुल 136 नामांकन पत्र दाखिल किए।
कल्याणपुर: 30 अभ्यर्थियों ने 30 नामांकन दाखिल किए।
खेरवाड़ा: 49 अभ्यर्थियों ने 49 पर्चे भरे।
नयागांव: 41 अभ्यर्थियों ने 43 नामांकन प्रस्तुत किए।
ऋषभदेव: 14 अभ्यर्थियों ने 14 नामांकन पत्र दिए।
इन चारों पंचायत समितियों में अब तक कुल 183 प्रत्याशियों की ओर से 185 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि शुक्रवार है। इसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।