उदयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत शनिवार को जिला परिषद सभागार में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में हुई इस कार्यशाला में संभावित प्रत्याशियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन व नामांकन प्रक्रिया तथा नाम निर्देशन पत्र से जुड़ी बारीकियां विस्तार से समझाई गईं।
छोटी चूक से बचाना है मकसद
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रत्याशियों को चुनाव नियमों, नामांकन के दौरान जरूरी दस्तावेजों और निर्धारित प्रपत्रों की जानकारी देना था, ताकि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करते समय किसी त्रुटि या दस्तावेजों की कमी से परेशानी न हो।
मास्टर ट्रेनर ने बताई प्रक्रिया
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर महामाया प्रसाद चौबीसा ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, उसके साथ लगने वाले आवश्यक दस्तावेज, आवेदन भरने के निर्धारित तरीके और नामांकन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर संभावित प्रत्याशी के लिए नियमों और प्रावधानों की जानकारी होना जरूरी है। फॉर्म भरते समय सभी विवरण सही दर्ज करना, संबंधित दस्तावेज संलग्न करना और निर्धारित प्रपत्रों के अनुरूप जानकारी देना अनिवार्य है।
आरक्षण और पात्रता पर भी चर्चा
कार्यशाला में जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्डों के अनुसार आरक्षण संबंधी प्रावधान बताए गए। साथ ही प्रत्याशियों की पात्रता, प्रस्तावक से जुड़े नियमों और नामांकन की अन्य औपचारिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों को विभिन्न प्ररूपों की उपयोगिता और नाम निर्देशन पत्र भरते समय रखी जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया। कार्यशाला में गिर्वा एसडीएम अवुला साईकृष्ण, यूडीए उपायुक्त सुरेंद्र पाटीदार, आरएसएमएम के वरिष्ठ प्रबंधक दीपक मेहता सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।