उदयपुर। जिला पुलिस और सीआईडी (विशेष शाखा) जोन की टीम ने गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के एक होटल में अवैध रूप से रह रही थाईलैंड मूल की तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। वे स्पा की आड़ में अवैध रूप से रह रही थी। उनको देश से निष्कासित करने की कानूनी की जा रही है। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि शहर के सभी होटल, विला और रिसॉर्ट संचालकों को निर्देश जारी किए हैं। किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराने से पहले इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट 2025 के नियमों और प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाए। अनदेखी करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीआईडी (विशेष शाखा) एएसपी डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि 19 अक्टूबर को सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को होटल सिटी प्राइड में विदेशी महिलाओं के अवैध रूप से रुकने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने की सूचना मिली थी। इस पर सीआईडी और गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने होटल पर छापा मारा।
देश की सुरक्षा को खतरा हो सकती है ये लापरवाही
विदेशी नागरिकों का इस तरह बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से रहना और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। उनके राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस लापरवाही और कानून के उल्लंघन को लेकर होटल मालिक के विरुद्ध इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट 2025 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
होटल में दबिश दी तो मच गई खलबली
पुलिस पहुंची तो होटल संचालक ने पूछताछ में कबूल किया कि वह होटल में विदेशी महिलाओं से स्पा का काम करवा रहा था। होटल के कमरा नंबर 102, 103, 104 और 109 की तलाशी ली, जहां ये तीनों थाई महिलाएं रुकी हुई थीं। होटल के विजिटर रजिस्टर की जांच की तो उसमें इन महिलाओं के ठहरने की एंट्री नहीं थी।
वीजा खत्म होने के बाद भी रह रही थीं
जांच में सामने आया कि इन महिलाओं के वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वे अवैध रूप से उदयपुर में रह रही थीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इनमें से एक महिला को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था, लेकिन वह दोबारा नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से आकर उदयपुर पहुंच गई।
पुलिस टीम ने दिखाई मुश्तैदी तो सफल रही कार्रवाई
एएसपी (मुख्यालय) मुकुल शर्मा के सुपरविजन में हुई कार्रवाई में सीआईडी (विशेष शाखा) की ओर से पुलिस निरीक्षक प्रभारी अनिता शर्मा, अरविन्द कुमार सालवी, धर्मेन्द्र कुमार, नरेश चौबीसा व यग्नेश कुमार शामिल थे। वहीं गोवर्धनविलास सीआई सुनिल चारण, अर्जुनलाल, धर्मवीरसिंह और अंकितसिंह की भूमिका रही।