जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मिलावटखोरों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाली जिले के फालना स्थित एक फैक्ट्री से 8,303 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी सीज करवाया है। मौके से घी के रैपर, उपकरण और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली है।
शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। महानिरीक्षक पुलिस के.बी. वन्दना एवं उप महानिरीक्षक राशि डोगरा डूडी के मार्गदर्शन तथा उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में टीम ने आसूचना संकलित कर जोधपुर रेंज के पाली जिले में कार्रवाई को अंजाम दिया।
जोधपुर रेंज रवाना हुई थी टीम
उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में एएसआई श्री शंकर दयाल, हैड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह व श्री रामसिंह और कांस्टेबल श्री नरेश कुमार की टीम गठित कर आसूचना संकलन तथा मिलावटखोरों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जोधपुर रेंज के पाली भेजा गया था। टीम के सदस्य हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि फालना के जादरी रीको एरिया में किसान डेयरी एंड फूड प्राइवेट लिमिटेड नाम की फैक्ट्री में अमानक केमिकल से मिलावटी घी बनाकर बाजार में सस्ते दामों पर बेचा और सप्लाई किया जा रहा है।
फैक्ट्री में मिला घी, रैपर और उपकरण
सूचना का सत्यापन करने के बाद सीआईडी टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से किसान मार्का का 8,303 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी, रैपर तथा संबंधित उपकरण एवं सामग्री बरामद हुई। घी प्रथम दृष्टया खाने योग्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण मौके पर ही सीज करवाया गया।
सैंपल जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में फैक्ट्री मालिक खेताराम माली, निवासी मोडिया बेरा, रणकपुर रोड, सादड़ी, पाली से पूछताछ की जा रही है।
टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक श्री शंकर दयाल, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रामसिंह और कांस्टेबल नरेश कुमार की टीम शामिल रही। हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह की सूचना संकलन एवं तकनीकी भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही।
Continue With Google
Comments (0)