उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी उदयपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक शनिवार को डबोक स्थित रूपीज रिजॉर्ट में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने संभाग के जिलों के भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नवनिर्वाचित पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए आगामी पंचायत राज एवं जिला परिषद चुनावों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने निकाय चुनावों में सफलता प्राप्त की है, उसी समर्पण, संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा के संकल्प के साथ पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में भी पार्टी का परचम फहराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। भाजपा का कार्यकर्ता संगठन को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। वह अपने समय और सामर्थ्य का बड़ा हिस्सा संगठन तथा समाज के लिए समर्पित करता है। कार्यकर्ता की प्राथमिकता, उसकी समस्या का समाधान और उसके सम्मान का ध्यान रखना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब कार्यकर्ता को प्राथमिकता मिलेगी, तो वह भी संगठन के प्रत्येक दायित्व को पूरी प्राथमिकता के साथ निर्वहन करेगा।
उन्होंने जलशक्ति, सिंचाई, पेयजल एवं ग्रामीण विकास के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान में जल एवं सिंचाई परियोजनाओं को गति दी गई है। सरकार ने प्रदेश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने उदयपुर में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विधायकों द्वारा क्षेत्रीय विकास के लिए मांगी गई राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। उन्होंने सांसद सीपी. जोशी से संवाद करते हुए सांसद एवं विधायक निधि का उल्लेख किया और कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा और विकास भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि निरंतर जनता के बीच रहें, उनकी समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि जनता की संतुष्टि और समस्याओं का समाधान सरकार तथा संगठन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं, निशुल्क उपचार और जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का उद्देश्य है।
आस्था का केंद्र है मेवाड़
उन्होंने संभाग की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए सांवरिया सेठ, एकलिंगजी, श्रीनाथजी, चारभुजानाथ, महाकाल, द्वारकाधीश, बेणेश्वर धाम एवं त्रिपुरा सुंदरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की समृद्ध परंपरा वाला क्षेत्र है। उदयपुर संभाग की संगठनात्मक शक्ति राजस्थान में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच विश्वास, सेवा और समर्पण के साथ काम करें। पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में संगठन की पूरी ताकत लगाकर जनता के बीच जाएं और सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं।
इनकी रही भागीदारी
भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल एवं जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि बैठक में उदयपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदड़ा, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद एवं जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, सलूंबर विधायक शांतिलाल मीणा, सागवाड़ा विधायक शंकर डेचा, राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, महापौर पारस सिंघवी, चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, जिला प्रभारी हरीश पाटीदार, राजसमंद जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, मानसिंह बारहठ, सलूंबर जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, नारायण पुरोहित सहित संभाग के विभिन्न जिलों के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी तथा नवनिर्वाचित पार्षद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने किया तथा आभार संभाग प्रभारी नाहरसिंह जोधा ने व्यक्त किया।
Continue With Google
Comments (0)