उदयपुर। पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में जिले के ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाया। जिले की 10 पंचायत समितियों की 283 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए शनिवार को हुए मतदान में औसतन 83.13 प्रतिशत वोट पड़े। पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मतगणना के बाद परिणाम घोषित होने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
आंकड़ों में मतदान
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 10 समितियों में कुल 7,32,397 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 6,08,817 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 7:15 बजे सभी केंद्रों पर एक साथ मतदान शुरू हुआ और शाम को कतारों में खड़े लोगों के वोट डलवाने के बाद प्रक्रिया पूरी की गई।
झाड़ोल शीर्ष पर, कुराबड़ सबसे नीचे
पंचायत समितिवार देखें तो झाड़ोल ने 86.86 प्रतिशत मतदान के साथ बाजी मारी। यहां की 34 पंचायतों के 71,378 मतदाताओं में से 62,001 ने वोट डाले। फलासिया 86.04 प्रतिशत (35 पंचायतें, 62,755 वोट) के साथ दूसरे और नाई 85.72 प्रतिशत (20 पंचायतें, 40,571 वोट) के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद घासा में 84.68, मावली में 84.19, ओगणा में 83.87, वल्लभनगर में 83.50 और गिर्वा में 81.03 प्रतिशत मतदान हुआ। भींडर में 80.09 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि कुराबड़ में सबसे कम 76.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह सुस्त, दोपहर में रफ्तार
मतदान की रफ्तार दिनभर एक जैसी नहीं रही। सुबह 10 बजे तक शुरुआती तीन घंटों में धीमी शुरुआत के बीच मात्र 16.50 प्रतिशत (1,20,868 वोट) मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक आंकड़ा बढ़कर 42.57 प्रतिशत पर पहुंच गया। इस दौरान नाई में 52.10 प्रतिशत और ओगणा में 50.62 प्रतिशत यानी दोपहर एक बजे ही आधा मतदान पूरा हो चुका था। शाम 3 बजे तक जिले का कुल आंकड़ा 58.45 प्रतिशत हुआ और शाम 6 बजे तक 78.48 प्रतिशत पार कर गया। मतदान समाप्ति के बाद कतारों में खड़े मतदाताओं के वोट डलवाने से अंतिम आंकड़ा 83.13 प्रतिशत तक पहुंचा।
बुजुर्गों-महिलाओं में उत्साह
मतदान के दौरान ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खासा जोश दिखा। कई केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कहीं प्रत्याशियों के समर्थक बुजुर्ग मतदाताओं को कंधे पर उठाकर बूथ तक लाए, तो ज्यादातर जगह वोटरों ने भी स्वयं उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
देर रात तक नतीजों का इंतजार
मतदान के बाद पंचायत समिति मुख्यालयों पर परिणामों को लेकर गहमागहमी भरा माहौल रहा। वोट देकर शहर लौटने वाले लोग भी फोन पर लगातार अपडेट लेते रहे।