उदयपुर। मलेशिया में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय लैक्रॉस प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीतने वाली मेवाड़ के जनजातीय अंचल की नौ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सोमवार को राष्ट्र मंदिर; नवलखा महल सांस्कृतिक केन्द्र, उदयपुर में भव्य अभिनन्दन किया गया। भारतीय महिला टीम ने प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया था।
सम्मानित खिलाड़ियों में भारतीय टीम की कप्तान डाली गमेती, सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, विशाखा मेघवाल, यशोदा गमेती, रोशनी बोस एवं जानवी राठौड़ शामिल रहीं। जनजातीय अंचल से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंची इन बेटियों की उपलब्धि को समारोह में मेवाड़ और राजस्थान के लिए गौरव का विषय बताया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं देवस्थान विभाग आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आर्य समाज सज्जननगर प्रधान देवीलाल गर्ग, आर्य समाज हिरणमगरी संरक्षक भंवरलाल आर्य उदयपुर रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी महानगर की सीमा में बंधी नहीं होती। यदि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र की बेटियों को उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अन्तरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
समारोह में खिलाड़ियों के संघर्ष, प्रशिक्षण और अन्तरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। 'मेवाड़ की मिट्टी से भारत का गौरव' की भावना के साथ खिलाड़ियों का अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन दयानन्द सत्यार्थ प्रकाश न्यास उदयपुर की ओर से किया गया। राष्ट्र मन्दिर नवलखा महल सांस्कृतिक केन्द्र में आयोजित इस समारोह में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सम्मान में तालियों से अभिनन्दन किया। आयोजन की अध्यक्षता न्यासी शारदा गुप्ता ने की। रविन्द्र राठौड़ ने राष्ट्र्रभक्ति गीत प्रस्तुत किया। संयोजन न्यास के अध्यक्ष अशोक आर्य ने किया और उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षक नीरज बत्रा ने मेवाड़ अंचल के बेटे-बेटियों को प्रेरणा देकर प्रशिक्षित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की सुविधाएं उपलब्ध कराने का श्रेय दिया। कार्यक्रम में न्यास मंत्री भवानीदास आर्य, संयुक्त मेत्री डॉ. अमुतलाल तापड़िया, विनोद राठौड़, कृष्ण कुमार सोनी, सरला गुप्ता, सत्यप्रकाश शर्मा, न्यास के व्यवस्थापक भंवरलाल गर्ग, पुरोहित नवनीत आर्य, दीव्येश सुथार, दुर्गा एवं एनएमसीसी के युवा तथा मां शारदा आर्य समिति के सदस्य उपस्थित रहे।