उदयपुर। शहर के समीपवर्ती मनवाखेड़ा गांव में बिजली का तार टूटने से खेत में आग लग गई। हादसे में किसान भग्गा डांगी और मदन डांगी के खेतों में खड़ी ज्वार की पकी फसल जलकर राख हो गई। करीब डेढ़ बीघा क्षेत्र में फसल नष्ट होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना कल तड़के हुई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया, जिससे फसल में आग लग गई। आग से ज्वार की पकी फसल नष्ट हो गई।
किसान नेता विष्णु पटेल ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि संबंधित खंभा पुराना खंभा टूटने के बाद करीब एक माह पहले ही लगाया गया था। इसके बावजूद तार टूटने से किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि खंभा लगाने में निर्धारित मानकों का ध्यान नहीं रखा गया।
किसान नेता ने विद्युत विभाग से मामले की जांच करवाने और नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मनवाखेड़ा में बिजली का तार टूटने से जली ज्वार की फसल, डेढ़ बीघा में नुकसान
एक माह पहले ही बदला गया था बिजली का तार और खंभा, किसान नेता ने मुआवजे की मांग उठाई
Continue With Google
Comments (0)