उदयपुर। तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे परिजनों और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी और सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह के अनुसार तीतरड़ी निवासी निर्मला साहू (48) पत्नी कन्हैयालाल साहू स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान तीतरड़ी की ओर आ रहे ट्रक ने गुप्तेश्वर रोड पर उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि निर्मला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में विरोध शुरू हो गया और भीड़ ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ ने उस परिवार के लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिसने ट्रक चालक को संरक्षण दिया था।
पुलिस ने ट्रक चालक को आक्रोशित भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।