नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) को नया चेयरपर्सन मिल गया है। केंद्र सरकार ने 2001 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी डॉ. मंदीप के. भंडारी को CBSE का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को 25 सितंबर 2026 को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने मंजूरी दी। सरकारी आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति के साथ CBSE चेयरपर्सन के पद को अस्थायी रूप से केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव (Additional Secretary) के रैंक और वेतनमान तक अपग्रेड किया गया है।

MBBS गोल्ड मेडलिस्ट हैं डॉ. भंडारी

डॉ. मंदीप के. भंडारी मूल रूप से चिकित्सा क्षेत्र की पृष्ठभूमि से आते हैं। उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने Dayanand Medical College, Ludhiana से MBBS किया है। वे 2001 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली। इनमें डिप्टी कमिश्नर लेह, डिप्टी कमिश्नर जम्मू और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में कमिश्नर/सेक्रेटरी जैसे पद शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर के LG के प्रधान सचिव रह चुके हैं

मार्च 2023 में डॉ. भंडारी को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके साथ उन्हें श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के CEO का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर प्रशासन में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के CEO के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

चार महीने में CBSE में तीसरा बड़ा बदलाव

डॉ. भंडारी की नियुक्ति CBSE में पिछले कुछ महीनों में हुए लगातार नेतृत्व परिवर्तनों के बीच हुई है। जून 2026 में राहुल सिंह को CBSE चेयरमैन के पद से हटाकर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया था। इसके बाद लोकहांडे प्रशांत सीताराम को CBSE चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई। अब सितंबर 2026 में डॉ. मंदीप के. भंडारी की नियुक्ति के साथ करीब चार महीने के भीतर CBSE के शीर्ष नेतृत्व में तीसरा बदलाव हुआ है।

OSM व्यवस्था के बीच नई नियुक्ति

CBSE में यह बदलाव On-Screen Marking (OSM) व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच हुआ है। इस व्यवस्था में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर डिजिटल माध्यम से मूल्यांकन किया जाता है।

2026 की बोर्ड परीक्षाओं के बाद OSM व्यवस्था को लेकर छात्रों और अन्य पक्षों की ओर से शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद इस व्यवस्था से जुड़ी खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए समिति गठित किए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई थी।

अब नए चेयरपर्सन के रूप में डॉ. मंदीप के. भंडारी के सामने CBSE की परीक्षा व्यवस्था, मूल्यांकन प्रक्रिया और बोर्ड के प्रशासनिक कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व होंगे।