नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे शनिवार, 19 सितंबर को घोषित कर दिए गए। चार केंद्रीय पदों के लिए हुए चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने तीन पदों पर जीत दर्ज की। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल कर मुकाबले में बड़ा उलटफेर किया। कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI चारों केंद्रीय पदों में से किसी पर भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।

अध्यक्ष पद पर यश डबास की जीत

DUSU अध्यक्ष पद के लिए ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के कई दौर तक दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त बदलती रही। अंतिम नतीजे में ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद अपने नाम किया।

इस पद के लिए कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे। ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव लड़ा।

 

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन का उलटफेर

सबसे ज्यादा चर्चा उपाध्यक्ष पद के नतीजे की रही। यहां निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने ABVP और NSUI दोनों के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।

मतगणना के दौरान ही दीपांशु ने लगातार मजबूत बढ़त बनाए रखी थी। 17वें राउंड तक उपलब्ध आंकड़ों में वे 26,341 वोट के साथ काफी आगे चल रहे थे, जबकि ABVP के ईशू मौर्य को 13,655 और NSUI के वीर चतरथ को 3,698 वोट मिले थे।

 

सचिव पद भी ABVP के खाते में

सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की। शुरुआती रुझानों से लेकर मतगणना के अंतिम चरण तक रिया ने NSUI की नम्रता चौधरी पर बढ़त बनाए रखी।

17वें राउंड के आंकड़ों में रिया छावड़ी को 17,279 वोट मिले थे, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 12,838 वोट मिले।

 

संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP की जीत

संयुक्त सचिव पद पर भी मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। शुरुआती और मध्य चरण की मतगणना में निर्दलीय छात्र सभा समर्थित विशेष यादव कई दौर में आगे रहे। हालांकि अंतिम परिणाम में ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की, जिससे ABVP ने चार में से तीन केंद्रीय पद अपने नाम कर लिए।

इस तरह DUSU के केंद्रीय पैनल में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद ABVP के खाते में गए, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीता।

 

1.51 लाख से ज्यादा छात्र थे मतदान के लिए पात्र

DUSU चुनाव में इस बार चार केंद्रीय पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—के लिए मतदान हुआ। चुनाव में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष के लिए 5 तथा सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए 4-4 उम्मीदवार शामिल थे।

दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में 18 सितंबर को मतदान हुआ था। चुनाव में 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान 52 केंद्रों पर दो चरणों में कराया गया था।

 

ABVP बनाम NSUI की टक्कर के बीच बदला समीकरण

DUSU चुनाव में इस बार भी मुख्य मुकाबला ABVP और कांग्रेस समर्थित NSUI के बीच रहा। AISA-SFI गठबंधन के उम्मीदवार भी चारों केंद्रीय पदों पर चुनाव मैदान में थे। हालांकि परिणाम ने केंद्रीय पैनल की तस्वीर बदल दी—ABVP ने तीन पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार ने दोनों प्रमुख छात्र संगठनों को पीछे छोड़ दिया।

 

दिल्ली हाईकोर्ट ने विजय जुलूस पर लगाई रोक

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने DUSU चुनाव को लेकर विजय जुलूस, ढोल-नगाड़े और सार्वजनिक जश्न पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने चुनाव प्रचार के दौरान नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर भी संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।

 

DUSU 2026 का केंद्रीय पैनल

अध्यक्ष - यश डबास (ABVP)

उपाध्यक्ष - दीपांशु शौकीन (निर्दलीय)

सचिव - रिया छावड़ी (ABVP)

संयुक्त सचिव - लक्ष्य राज सिंह (ABVP)