उदयपुर। अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत सीआईडी विशेष शाखा (वीजा जोन) उदयपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी की टीम ने वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से भारत में रह रही थाईलैंड की एक महिला को उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल से डिटेन किया है। महिला का वीजा जुलाई 2025 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह सवा साल से देश में अवैध रूप से रह रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीयन अधिकारी (एफआरओ) डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। महिला के खिलाफ 'इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट-2025' के तहत देश से निष्कासन (डिपोर्ट) की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सहेली के निधन की सूचना पर अहमदाबाद से पहुंची थी लेकसिटी
सीआईडी विशेष शाखा को गुरुवार को गोपनीय सूचना मिली थी कि गीतांजलि हॉस्पिटल में उपचाराधीन थाईलैंड निवासी मिस बेंजामास सुक्सोमपोंग की 22 अक्टूबर को मौत हो गई है। मृतका की वीजा अवधि भी पूर्व में ही खत्म हो चुकी थी। सूचना में यह भी सामने आया कि मृतका से मिलने और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसकी थाई सहेली अहमदाबाद से उदयपुर पहुंची है, जिसका खुद का वीजा भी समाप्त हो चुका है।
सूचना पर सीआईडी टीम तत्काल अस्पताल पहुंची और संदेह के आधार पर थाईलैंड निवासी मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग (43) से पूछताछ कर दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि उसका वीजा जुलाई 2025 में एक्सपायर हो चुका था। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने उसे तुरंत डिटेन कर लिया।
अशोक नगर श्मशान में हुआ मृतका का अंतिम संस्कार
उधर, अस्पताल में दम तोड़ने वाली थाई नागरिक बेंजामास के परिजन सूचना मिलने पर सीधे थाईलैंड से उदयपुर पहुंचे। मृतका के भाई और पुत्री की मौजूदगी में कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शहर के अशोक नगर श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। डिटेन की गई महिला सोमपोर्न को कागजी प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षा कारणों से नारी निकेतन में रखा गया है।
होटल, विला और रिसॉर्ट संचालकों को कड़े निर्देश
एएसपी एवं एफआरओ डॉ. विक्रम सिंह ने जिले के सभी होटल, रिसॉर्ट, होम-स्टे और विला संचालकों को विदेशी मेहमानों के ठहराव को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों के ठहरने की दशा में सी-फॉर्म भरने और इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट-2025 के नियमों की शत-प्रतिशत पालना अनिवार्य है। किसी भी विदेशी नागरिक के बिना वैध वीजा ठहरने की सूचना तत्काल पुलिस व एफआरओ शाखा को दी जाए, अन्यथा संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम में ये रहे शामिल
सीआईडी की इस विशेष कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं एफआरओ प्रभारी अनिता शर्मा, सीआईयू प्रभारी अरविंद कुमार सालवी, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, नरेश चौबीसा एवं यमनेश कुमार की सक्रिय भूमिका रही।
वीजा खत्म होने के सवा साल बाद भी भारत में रह रही थाई महिला डिटेन
मृत सहेली को देखने अहमदाबाद से आई थी, सीआईडी विशेष शाखा ने पकड़ा
Continue With Google
Comments (0)