उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में घाटावाला माताजी के आगे जिंक स्मेल्टर ब्रिज पर बुधवार दोपहर 1.30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मारी थी। प्रतापनगर थाना पुलिस ने बताया कि मूलत: चित्तौड़गढ़ के कीरखेड़ा चाकुड़ा हाल पुराना आरटीओ क्षेत्र निवासी रंगलाल कीर पुत्र और पुत्रवधु के साथ स्कूटर पर पैतृक गांव जाने के लिए निकले थे। हादसे में पुत्र कुशाल (27) और पुत्रवधु निशा (24) की मौत हो गई। जबकि कुशाल का पिता रंगलाल पुत्र खुमाजी कीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर भीड़, पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों उछलकर गिरे और कंटेनर का पहिया कुशाल और निशा के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने घायल रंगलाल को एमबी अस्पताल पहुंचाया, वहीं दोनों शवों को मुर्दाघर पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए।
गत 26 अप्रेल को ही हुई थी शादी
रंगलाल के भाई शांतिलाल कीर ने रिपोर्ट में बताया कि भाई रंगलाल पिछले करीब 25 साल से पुराना आरटीओ क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। कुशाल और निशा की शादी 26 अप्रेल को ही हुई थी। ऐसे में हादसे से परिवार और रिश्तेदार आहत हो गए।
सब्जी विक्रेता थे पिता पुत्र
बताया गया कि रंगलाल कीर सब्जी विक्रेता हैं, वहीं पुत्र कुशाल भी साथ ही काम करता था। दोनों ओल्ड आरटीओ क्षेत्र में ही सब्जी बेचते थे। पुत्र की मौत पर पिता लाचार हो गए। कुशाल की बारात डबोक एयरपोर्ट के पास स्थित दरोली गांव में गई थी, जहां निशा के साथ धूमधाम से शादी हुई थी।
Continue With Google
Comments (0)