उदयपुर। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर राजस्थान से पुणे जा रही एक निजी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7.20 बजे पनवेल के पास हुआ। हुंडई ट्रावेल्स की बस उदयपुर से पुणे जा रही थी और एक्सप्रेस—वे की पुणे जाने वाली लेन पर चल रही थी। इसी दौरान बस में आग लग गई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को किनारे लगाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

एसी में तकनीकी खराबी से आग लगी

बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी। आग लगते ही बस में मौजूद यात्रियों को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।