जयपुर। नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार को जयपुर के ऐतिहासिक आमेर पहुंची। यहां राजस्थान पुलिस बैंड की धुनों के बीच राइडर्स का पुष्पवर्षा और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के करीब 250 राइडर्स इस अभियान में शामिल हैं।
आमेर में उप महानिरीक्षक पुलिस श्वेता धनकड़ ने राइडर्स का स्वागत किया। रैली का मुख्य संदेश ‘Fight Against Drugs’ है, जिसके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है।
अल्बर्ट हॉल से दिखाई जाएगी हरी झंडी
राजस्थान पुलिस के अनुसार, गुरुवार, 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से रैली के अगले चरण की शुरुआत होगी। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाकर राइडर्स को अजमेर के लिए रवाना करेंगे।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह के अनुसार, रैली राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रास्ते पहुंची है। जयपुर के बाद इसका मार्ग अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर से होते हुए गुजरात की ओर रहेगा।
31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़ा अभियान
यह रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों के राइडर्स भाग ले रहे हैं।
जयपुर से उदयपुर होते हुए गुजरात पहुंचेगी रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली का आगामी सफर इस प्रकार रहेगा:
-
22 अक्टूबर: जयपुर से अजमेर
-
23 अक्टूबर: चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर
-
24 अक्टूबर: उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान
रैली के स्वागत और ठहराव स्थलों पर विद्यार्थियों तथा आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस सदस्यों, स्वयंसेवी संगठनों और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों की भागीदारी से नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की जाएगी।
जयपुर में तीन स्थानों से अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे राइडर्स
रैली को सुचारू रूप से निकालने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। राइडर्स तीन स्थानों से पायलट वाहनों के साथ अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे।
1. चतुर्थ बटालियन आरएसी कैंप से: रामगढ़ रोड, सड़वा मोड़, मानबाग, धोबीघाट सर्किल, गलता गेट, दिल्ली रोड, टी.पी. नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा और सांगानेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग पहुंचेंगे।
2. पांचवीं बटालियन आरएसी कैंप से: दिल्ली रोड, टी.पी. नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा और सांगानेरी गेट होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे।
3. राजस्थान पुलिस अकादमी से: आरपीए मोड़, पानीपेच तिराहा, चिंकारा तिराहा, कलेक्ट्री सर्किल, खासाकोठी, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एम.आई. रोड और यादगार तिराहा होते हुए रामनिवास बाग पहुंचेंगे।
अल्बर्ट हॉल से अजमेर रोड तक रहेगा निर्धारित मार्ग
हरी झंडी मिलने के बाद रैली रामनिवास बाग के पिछले गेट, त्रिमूर्ति सर्किल, जे.डी.ए. चौराहा, रामबाग चौराहा और अंबेडकर सर्किल से होते हुए भारत जोड़ो सेतु एलिवेटेड रोड पर आगे बढ़ेगी। इसके बाद श्याम नगर सब्जी मंडी, पुरानी चुंगी, निर्माण नगर, 200 फुट चौराहा, कमला नेहरू नगर पुलिया, भांकरोटा और बगरू होते हुए अजमेर रोड पर आयुक्तालय की सीमा तक पहुंचेगी।
सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष इंतजाम
रैली के संचालन के लिए राजस्थान पुलिस ने उप महानिरीक्षक श्वेता धनकड़ को राज्य का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। संबंधित जिलों में पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रूट पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक जिले में आरपीएस स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कंट्रोल रूम स्थापित कर रैली की निगरानी की जाएगी।
नशे के खिलाफ यह अभियान केवल मोटरसाइकिल रैली तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों और आमजन के साथ संवाद के जरिए समाज में जागरूकता बढ़ाने की पहल भी है।
Continue With Google
Comments (0)