जयपुर में आरपीए और त्रिमूर्ति सर्किल स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
जयपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस ने मातृभूमि की सेवा और आंतरिक सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जांबाज शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) के शहीद स्मारक स्थल पर राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जहां पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित किए।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने का दिन है। यह दिवस पुलिस बल की उच्चतम परंपराओं, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने स्मरण कराया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र (हॉट स्प्रिंग्स) में गश्त के दौरान चीनी सेना के कायराना हमले का डटकर मुकाबला करते हुए वीर पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि की रक्षा में शहादत दी थी। उन्हीं की स्मृति में देश भर में यह दिवस गौरवपूर्वक मनाया जाता है।
डीजीपी ने इस दौरान 'रोल ऑफ ऑनर' का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष (1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026) की अवधि में देश भर में राज्यों की पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के कुल 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। समारोह में सेवारत एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर वीरगति पाने वाले साथियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अकादमी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। साथ ही स्मृति दिवस पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं की हौसला अफजाई कर उन्हें सम्मानित किया गया।
त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि
अकादमी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के पश्चात पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति सर्किल पुलिस स्मारक पहुंचे। वहां उन्होंने डीजीपी (कानून-व्यवस्था) संजय अग्रवाल, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।