उदयपुर। गांवों की सरकार चुनने की तैयारी के बीच उदयपुर जिले में पंच-सरपंच चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को प्रथम चरण की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। अनारक्षित सीटों पर भी नामांकन के लिए भीड़ जुटी और उम्मीदवारों ने समर्थकों के साथ पहुंचकर अपनी दावेदारी पेश की।
प्रथम चरण में जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव होना है। इनमें सरपंच के 284 और वार्ड पंच के 2466 पद शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित की गई।
इन पंचायत समितियों में चुनाव
प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भींडर और कुराबड़ पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। नामांकन के साथ ही गांवों में उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की सक्रियता बढ़ गई है। सरपंच पद के दावेदारों के साथ वार्ड पंच बनने के इच्छुक उम्मीदवार भी मैदान में उतरे हैं।
24 अक्टूबर को होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, प्रथम चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की प्रक्रिया होगी।
अब नामांकन प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होने के साथ गांवों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर सामने आएगी। ग्रामीण मतदाताओं की नजरें इस बात पर रहेंगी कि उनके क्षेत्र में किस उम्मीदवार को समर्थन मिलता है और कौन गांव की कमान संभालने में सफल होता है।
Continue With Google
Comments (0)