उदयपुर। देवझुलनी एकादशी के पावन अवसर पर मेघवाल समाज 33 गाँव चोखला की ओर से मंगलवार को सविना स्थित रामदेव मंदिर से भव्य राम रेवाड़ी निकाली गई। समाज अध्यक्ष रामलाल मेघवाल के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए।

मेघवाल समाज 33 गाँव चोखला के महामंत्री जाजी मेघवाल ने बताया कि राम रेवाड़ी के दौरान भगवान रामदेव जी को सुसज्जित पालकी में विराजमान किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद राम रेवाड़ी का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान रामदेव जी के जयकारे लगाए।

राम रेवाड़ी का अंबामाता मंदिर के पास पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में डीजे पर रामदेव जी के भजन गूंजते रहे। 'म्हारो हेलो सुणो जी रामा पीर', 'मारग में रामदेव मिल गया ओ', 'रामा कंवर रो गोडलों घुमतो आवे', 'रामाधणी म्हारा रामाधणी भावना सु ध्यावे' और 'धोरा माथे देवरों रे ऊंचो' जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

विशेष रूप से केसरिया लहरिये में शामिल महिलाओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और भक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। धार्मिक माहौल और भजनों के बीच राम रेवाड़ी विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस रामदेव मंदिर पहुंची।

मंदिर पहुंचने के बाद रामदेव जी की आरती की गई। इसके पश्चात महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में महंत प्रेमदास महाराज, मनवाखेड़ा के रामलाल मेघवाल सहित समाज के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।